प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए शिविर
प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए शिविर
सीकर | प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को मकान निर्माण और मरम्मत कार्य के लिए ऋण व अनुदान सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए इस्लामिया कॅालेज में शिविर लगाया गया। वरिष्ठ पार्षद मुश्ताक तंवर ने बताया कि शिविर में लोगों को योजना की जानकारी दी गई। आवेदन प्रक्रिया पूरी करवाई गई। योजना में किराएदार भी आवेदन कर सकता हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिया ज्ञापन
सीकर | एनआरएचएम कर्मियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को वित्तीय वर्ष 2016-17 का पांच प्रतिशत मानदेय अभिवृद्धि नहीं मिलने के कारण ज्ञापन सौंपा। वहीं ज्ञापन में लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक के एनआरएचएम लेखाकार प्रवीण जोशी ने पत्र में कहा कि ब्लॉक अधिकारी द्वारा मनमर्जी से दबाब बनाकर गलत कार्य करने का दबाब बनाया जा रहा है। इसके अलावा अन्य समस्याओं का एक मांग पत्र सौपा है।
दलित शोषण मुक्ति मंच के 17 को होने वाले आंदोलन को समर्थन दिया
सीकर | दलित शोषण मुक्ति मंच की ओर से 17 अप्रैल को प्रस्तावित आंदोलन को विभिन्न संगठनों की ओर से अपना समर्थन दिया गया है। स्टूडेंट्स फैडरेशन ऑफ इंडिया जिला सचिव बिजेंद्र ढाका व डीवाईएफआई के जिला सचिव आबिद हुसैन ने बताया कि आंदोलन में संगठन कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। मंच के द्वारा यह आंदोलन दलित समाज द्वारा दो अप्रैल को किए गए आंदोलन में दर्ज किए गए पुलिस मुकदमों के विरोध में किया जा रहा है। इधर पूर्व विधायक पेमा राम तथा डीएसएमएम के राष्ट्रीय कमेटी सदस्य सुरेंद्र फुलवारिया व जिला सचिव ओमप्रकाश डालमास ने भी आंदोलन का समर्थन किया है। विरोध में सुबह 11 बजे अंबेडकर सर्किल से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली जाएगी। अखिल भारतीय किसान सभा जिला कमेटी सीकर ने भी 17 अप्रैल को प्रस्तावित दलित शोषण मुक्ति मंच के आंदोलन का समर्थन किया। महासचिव सागर खाचरिया ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि कमेटी के कार्यकर्ता आंदोलन में शामिल होकर समर्थन करेंगे।