- Hindi News
- National
- ईओ के अभद्र व्यवहार से नाराज पार्षद धरने पर बैठे पुलिस बुलानी पड़ी, खेद जताने पर शांत हुआ मामला
ईओ के अभद्र व्यवहार से नाराज पार्षद धरने पर बैठे पुलिस बुलानी पड़ी, खेद जताने पर शांत हुआ मामला
नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी द्वारा मंगलवार को पार्षदों के साथ अभद्रता करने एवं चैंबर से बाहर निकालने की धमकी देने से आक्रोशित दो दर्जन से अधिक पार्षदों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर ईओ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
इसी क्रम में पालिकाध्यक्ष एवं अधिशाषी अधिकारी से बात करने सभी पार्षद पालिका कार्यालय पहुंचे तो अधिशाषी अधिकारी ने कुछ काम निबटाकर पार्षदों को पांच मिनट बाद मिलने का समय दिया। करीब 10 मिनट बाद भी ईओ चैंबर से बाहर नहीं आए तो सभी पार्षद उनके चैंबर के आगे धरने पर बैठ गए। सूचना पाकर अन्य निर्वाचित एवं मनोनीत पार्षद एवं महिला पार्षदों के प्रतिनिधि भी पालिका कार्यालय पहुंचे। पालिका कार्यालय में विभिन्न पार्टियों के कार्यकर्ताओं एवं तमाशबीनों की भीड़ बढ़ने पर पुलिस जाब्ता नगरपालिका कार्यालय पहुंचा। बात बढ़ती देख एसडीएम अनिल महला के निर्देश पर तहसीलदार गुरुप्रसाद तंवर पालिका कार्यालय पहुंचे तथा अधिशाषी अधिकारी अनिल झिंगोनिया एवं पार्षदों को आमने सामने बैठाकर सुलह करवाई। करीब आधे घंटे की वार्ता के बाद ईओ ने मंगलवार को पार्षदों के साथ अपने बर्ताव को लेकर खेद व्यक्त किया एवं भविष्य में ऐसा नहीं करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
लक्ष्मणगढ. पुलिस की मौजूदगी में धरने पर बैठे पार्षदों से समझाइश करते तहसीलदार व नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी।
पार्षदों ने ईओ से कहा एसी चैंबर से निकलकर बाजारों की हालात भी देखो
तहसीलदार की मौजूदगी में हुई करीब एक घंटे की वार्ता के दौरान पार्षदों ने ईओ की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि पालिका में जब निर्वाचित एवं राज्य सरकार द्वारा मनोनीत पार्षदों तक की सुनवाई नहीं होती एवं उनके साथ दुर्व्यवहार होता है तो आमजन के काम कैसे होते होंगे। इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। पार्षदों ने बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण, अवैध निर्माण, सफाई व्यवस्था, टूटी सड़कें, जगह-जगह सीवरेज एवं नहरी पानी योजनाओं में खोदे गए गड्ढों की वजह से आमजन को होने वाली परेशानियों का जिक्र करते हुए ईओ से कहा कि आप एसी चैंबर से बाहर निकलकर बाजारों के हालात भी देखो। इस अवसर पर पार्षद अशोक पुजारी, राकेश सैनी, पंकज वर्मा, अनिल चंदेल, संजीव भानूका, सुभाष पारीक, रवि खन्ना, मनोनीत पार्षद डॉ. निरूपमा उपाध्याय, कमल शर्मा, मनफूल वर्मा, एडवोकेट ललित पुरोहित, विनोद सैनी, रामप्रसाद खींची, सुभिता, पूर्व भाजपा अध्यक्ष जयप्रकाश सरावगी, पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष सुभाष सुरोलिया, ललित पंवार, भाजपा नेता कमल सुरोलिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।