- Hindi News
- National
- ग्राम विकास समिति का गठन नहीं होने पर ग्रामीणों ने पंचायत सचिवालय में ताला जड़ा
ग्राम विकास समिति का गठन नहीं होने पर ग्रामीणों ने पंचायत सचिवालय में ताला जड़ा
प्रखंड के दारूडीह गांव में ग्राम विकास समिति का गठन नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को पंचायत सचिवालय में ताला जड़ दिया। ग्रामीण मुखिया सविता देवी तथा उनके पति बिगन महतो द्वारा ग्राम विकास समिति का बहिष्कार किए जाने से नाराज थे।
ग्रामीण पवन कुशवाहा, धर्मेंद्र मेहता, निर्मल मेहता, सुदर्शन मेहता, अविनाश मेहता, रामाकांत मेहता, बृजमोहन, आशीष वर्मा, सुरेश महतो, धीरेंद्र महतो, राजेश राम, दिलीप ठाकुर, अनिकेत सिंह, जितेंद्र राम, मनीष कुमार तथा रंजीत कुमार व अनुज कुमार समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि विशेष ग्राम सभा के माध्यम से ग्राम विकास समिति का गठन के लिए ग्रामीण पंचायत सचिवालय में जुटे थे। मुखिया की मौजूदगी में ग्रामसभा की कार्यवाही शुरू की जा रही थी। इसी बीच मुखिया पति ग्रामसभा में पहुंचकर ग्राम विकास समिति गठन का विरोध करने लगे। इस दौरान ग्रामीणों व मुखिया पति के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पंचायत सचिवालय में ताला जड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सरकार के निर्देश पर विशेष ग्राम सभा के माध्यम से ग्राम विकास समिति का गठन किया जाना था, ताकि गांव के विकास में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित कराई जा सके, लेकिन मुखिया पति गांव का विकास नहीं होने देना चाहते हैं। इसकी वजह से ग्राम विकास समिति गठन का बहिष्कार किया जा रहा है। मुखिया द्वारा जब तक ग्राम विकास समिति का गठन नहीं किया जाएगा तब तक पंचायत सचिवालय में ताला बंद रहेगा। इस बारे में पूछे जाने पर पंचायत सचिव शमीम अंसारी ने कहा कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्राम विकास समिति के गठन के लिए पंचायत सचिवालय में ग्रामीण जुटे थे। ग्रामीणों के हस्ताक्षर के बाद ग्रामसभा की कार्यवाही शुरू की जा रही थी। इसी बीच मुखिया तथा उनके पति के द्वारा ग्राम विकास समिति का बहिष्कार किया गया जबकि ग्रामीण ग्राम विकास समिति गठन के पक्ष में थे। वस्तुस्थिति से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
पंचायत सचिवालय में ताला जड़ते ग्रामीण।