लेस्लीगंज में बैठक में शामिल कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता।
लेस्लीगंज | पांकी विधानसभा स्तरीय युवक कांग्रेस की बैठक लेस्लीगंज प्रखंड कमेटी कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता अजिताभ दुबे ने की। संचालन युवक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार साहू ने किया। बैठक में संगठन को मजबूत और सशक्त बनाने तथा जनता से जुड़ी समस्याओं के निदान के लिए चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र व राज्य सरकार निरंकुश हो गई है। विकास योजनाओं में अफसरशाही हावी है। जनता से जुड़ी समस्याओं से उन्हें कोई लेना देना नहीं है। जनता की कोई सुनने वाला नहीं है। जिस तरह से लेस्लीगंज बीडीओ सत्यम कुमार ने पांकी विधायक देवेंद्र कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह के सामने पहाड़ी गांव निवासी अरविंद तिवारी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। विधायक द्वारा अभद्र व्यवहार का विरोध किये जाने पर उल्टा बीडीओ विधायक को झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। जिसे युवक कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि जरूरत पड़ी तो युवा कांग्रेस के लोग सड़क से लेकर सदन तक चरणबद्ध आंदोलन चलाएंगे। जिसकी सारी जवाबदेही प्रशासन की होगी। बैठक में सुधीर सिंह,शैलेश प्रसाद वर्मा,कमलेश सिंह, संतोष सिंह, वीरेंद्र तिवारी, शमीम अंसारी, गंगा देवी समेत कई लोग मौजूद थे।