चैंबर ऑफ कॉमर्स की आम सभा में 562 में से सिर्फ 17 ही रहे उपस्थित
भास्कर न्यूज|लोहरदगा
शहर के खेमराज स्मृति भवन में रविवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की आमसभा में चैंबर का अस्तित्व समाप्त कर दिया गया। सभा में पिछली तीन आमसभा की तरह ही इस बार भी सदस्यों व पदाधिकारियों की उपस्थिति नगन्य रही। सभा में 562 सदस्यों में से मात्र 17 सदस्यों की ही उपस्थिति दिखी। सभा में कहा गया कि सदस्यों की उपस्थित को देखते हुए प्रतीत होता है कि लोहरदगा में व्यवसायिक संगठन की आवश्यकता नहीं के बराबर है। जिसे देखते हुए जिले में चैंबर ऑफ कॉमर्स को समाप्त करने का निर्णय लिया गया। बताया कि अब नए चुनाव के साथ ही समिति दुबारा सक्रिय हो सकेगी। चैंबर के निवर्तमान अध्यक्ष अभय कुमार अग्रवाल से अपील किया गया कि वे अपनी गाड़ी से चैंबर अध्यक्ष का नेम प्लेट हटा दें। निर्णय लिया गया कि लोहरदगा में चैंबर ऑफ कॉमर्स को समाप्त करने से संबंधित जानकारी झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज को दी जाएगी। गौरतलब है कि लोहरदगा चैंबर ऑफ कॉमर्स नए चुनाव का बाट काफी समय से जोह रहा है।
कई बार समिति को पुन: सक्रिय करने का प्रयास किया गया। परंतु स्थिति जस की तस बनी रही। अब दोबारा आम सभा में भी वहीं स्थिति को देखते हुए समिति को ही समाप्त कर दिया गया। सभा में मुख्य रूप से रितेश कुमार, अनिश कुमार, राजेश कुमार महतो, सतीश जायसवाल, गुप्तेश्वर गुप्ता, संजय बर्मन, मुरलीधर अग्रवाल, संदीपा पोद्दार, दीपक सर्राफ, जगदीश प्रसाद गुप्ता, नवीन पटेल, उत्तम कुमार व विजय गुप्ता आदि उपस्थित थे।