जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन जरूरी
बलदेव साहू महाविद्यालय में मंगलवार को कुड़ूख विभाग की ओर से विदाई समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह आयोजित कर पार्ट थर्ड के सभी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए विदाई दी गई। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक कुडुख गीत व नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।
इस मौके पर बीएस कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो. लोहरा उरांव ने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों का एक अटूट संबंध रहता है। मात्र ग्रेजुएट हो जाने से काम नहीं चलने वाला। सभी को आगे कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जिले के एक मात्र डिग्री कॉलेज में पीजी और बीएड की पढ़ाई शुरू हो इसके लिए विश्वविद्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। निश्चित रूप से सभी के प्रयास से आने वाले समय में पीजी व बीएड की पढ़ाई शुरू होगी। उन्होंने विदा लेने वाले छात्र-छात्राओं से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन बहुत जरूरी है। आप जहां भी रहे कॉलेज में सिखाए गए अनुशासन का हमेशा पालन करें।
कार्यक्रम को कुडूख विभागाध्यक्ष डॉ. सुरा उरांव, धनराज भगत, नागपुरी शिक्षक नईम खान, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. कंजीव लोचन, निखिल कुमार, हिंदी शिक्षक बिजेंद्र कुमार, ईग्नासियुस पन्ना सहित अन्य ने भी संबोधित किया। पार्ट थर्ड की छात्रा सुमन किस्पोट्टा, नीतू कुमारी, सरस्वती उरांव, छात्र अर्जुन उरांव ने अपनी भावनाएं व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन हरी उरांव व कार्तिक उरांव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन धनराज भगत ने किया। इस मौके पर महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।