गर्मी में लोगों को नहीं होने देंगे पानी की किल्लत
डीडब्ल्यूएसडी के ईई ने किया कुड़ू प्रखंड के सुदूरवर्ती गांवों का दौरा
भास्कर न्यूज|लोहरदगा
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मो. रेयाज आलम के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने मंगलवार को कुड़ू प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति का जायजा लिया। टीम द्वारा सर्वप्रथम कुडू प्रखंड स्थित सलगी गांव में जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया। इस मौके पर ईई मो. आलम ने कहा कि गर्मी में ग्रामीणों को पीने के पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने मसियातु में चार चापाकलों का निरीक्षण किया, जहां सभी नलकूप की मरम्मत शुरू कराई गई। तत्पश्चात टीम सलगी पहुंची। वहां आठ चापाकलों के साथ एक सोलर आधारित मिनी जलापूर्ति का भी निरीक्षण किया। जिसमें पांच चापाकल चालू और तीन बंद मिले। इस मौके पर मुखिया बृजमोहन उरांव, लोदे लोहरा सहित ग्रामीण उपस्थित थे।