लोहरदगा | बीएस कॉलेज निकट स्टेडियम में चल रहे शंख महोत्सव कार्यक्रम में बॉलीवुड से लेकर झॉलीवुड तक के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का मनोरंजन किया। पहले दिन बॉलीवुड कलाकारों ने लोगों को जमकर झुमाया। आकर्षक लाईटिंग व साउंड सिस्टम के बीच बॉलीवुड संगीतकार सुमेधा करमाही ने टूटा जो कभी तारा... गीत पर सभी को फिल्म इंडस्ट्री की दुनिया की सैर कराई। उन्होंने एक के बाद गीत प्रस्तुत कर जमकर तड़के भी लगाए। एक हो गए हम और तुम... गीत पर जमकर दर्शकों को झुमाया। इसके बाद बॉलीवुड कलाकार सह संगीतकार आदित्य नारायण ने भी गानों के फूलझडिय़ां लगा दी। नारायण ने रामलीला फिल्म का गाना राम जी की चाल देखो... गीत पर सभी को जमकर झूमाया। इसके अलावा गुलाबी आंखे जो तेरी देखी..., पहला नशा पहला खुमार... सहित एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। देर रात तक चले कार्यक्रम के बाद कलाकारों को अतिथियों ने प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, विधायक सुखदेव भगत, डीसी विनोद कुमार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश चंद्रप्रकाश अस्थाना, एसपी कार्तिक एस, एसी रंजीत कुमार सिन्हा, नप अध्यक्ष अनुपमा भगत सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।