जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के निदान के लिए शनिवार को विधायक सुखदेव भगत ने डीसी विनोद कुमार व प्रभारी परिवहन पदाधिकारी सह एसडीओ राज महेश्वरम से वार्ता की। जिसमें शहर में दिन पर दिन बढ़ी रही दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में सख्ती बरतने को कहा। विधायक ने कहा कि जनवरी से अभी तक लोहरदगा में 66 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी है। जिसमें काफी लोगों की जान जा चुकी है। दुर्घटनाएं रोकने के लिए ट्रैफिक नियम का सख्ती से पालन कराने की जरूरत है। प्रशासन ऑटो, ट्रक व मोटरसाइकिलों की स्पीड पर विशेष ध्यान देते हुए अंकुश लगाए। बहुत से चौक-चौराहों पर अतिक्रमण है, जो दुर्घटनाओं का कारण बनता है। जिस दिशा में भी अभियान चलाने की जरूरत है। वहीं कॉलेज व प्लस टू हाई स्कूल में बाइक से जाने वाले छात्रों के ड्राइविंग लाइसेंस चेक करने की आवश्यकता है। सड़क पर बाइक चलाने के दौरान हेलमेट को अनिवार्य करने को लेकर भी सख्ती बरतें। विधायक ने कहा कि वाहन जांच अभियान प्रतिदिन चलाया जाना चाहिए। जिससे स्पीड बाइक चलाने वालों व हेलमेट ना पहनकर चलने वालों में भय बना रहे। डीसी ने कहा कि जिले में ट्रैफिक नियमों का पालन करने की दिशा में प्रशासन सार्थक पहल करेगी। जिले में अब एक साथ हेलमेट, लाइसेंस की जांच की जाएगी। डीईओ उर्मिला कुमारी के माध्यम से हाई स्कूलों व प्लस टू कॉलेजों में आवश्यक दिशा निर्देश दिया जाएगा। जिसके तहत स्कूली छात्र-छात्राओं को बाइक वर्जित किया जा सके या लाइसेंस के साथ हेलमेट का प्रयोग किया जा सके। इसके अलावा जनता के बीच भी जागरूकता लाने की दिशा में पहल की जाएगी। डीसी ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना जनता के हित में है, इसे लोगों को भी समझना होगा। वार्ता के बाद विधायक ढोडा टोली पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिल ढाढंस बंधाया। ढोडा टोली निवासी प्रमोद विश्वकर्मा का निधन इलाज के दौरान हो गया था। बीते दिन वे अपने बाबा मठ निकट स्थित लेद के दुकान के पास स्कूटी मोड़ रहे थे कि विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी थी। इधर डीसी से वार्ता के दौरान कांग्रेस कार्यवाहक जिलाध्यक्ष आलोक कुमार साहू मौजूद थे।
अभियान चलाते एसडीओ।