किस्को मोड़ के निकट स्थित गुरुकुल शांति आश्रम परिसर में आर्य वीर दल झारखंड प्रदेश के बैनर तले सात दिवसीय युवा चरित्र निर्माण शिविर का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। शिविर का शुभारंभ यज्ञ उपरांत दीप प्रज्वलन तथा ध्वजारोहण के साथ किया गया।
इस मौके पर वैद्यनाथ मिश्रा ने कहा कि समाज को आगे लाने में वेद प्राचीनकाल से ही बेहद महत्वपूर्ण रहा है। आचार्य शरद चंद आर्य ने कहा कि आप लोगों का परम सौभाग्य है कि इस प्रकार के शिविरों में भाग लेने के लिए उपस्थित हुए हैं। आज के इस भौतिकवाद के चकाचौंध में हम अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य को भूल गए हैं। आर्य वीर दल के युवा चरित्र निर्माण शिविर में सभी को सुखद जीवन एवं सफल जीवन की कलाओं को सिखाया जाएगा। सभी को स्वास्थ रखने के लिए आसन प्राणायाम आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए संध्या हवन आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ में समाज एवं राष्ट्र के प्रति हमारा कर्तव्य है उन कर्तव्य के प्रति सजग एवं जागरूक करने के लिए विभिन्न विद्वानों द्वारा बौद्धिक जानकारी दी जाएगी। इससे पहले शिविर के प्रथम सत्र में समाजसेवी लाल नवलकिशोर नाथ शाहदेव, गुप्तेश्वर गुप्ता, वैद्यनाथ मिश्रा, शंभू शिखर, विजय जायसवाल, महिला मंडल की मंजू देवी व अनुराधा साहू आदि ने प्रशिक्षणार्थियों को आशीर्वचन दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर जितेंद्र मेहर ने किया। प्रशिक्षणार्थियों को डॉक्टर जितेंद्र मेहेर, आचार्य गणेश शास्त्री, व्यायाम शिक्षक संतोष नैष्टिक, महादेव आर्य अर्जुन देव आर्य, नूतन आर्य, दीपक शास्त्री, ओंकार आर्य, सियाराम आर्य, योगेंद्र आर्य, तपेश्वर गोस्वामी देव, दिनेश गुप्ता, अभय भारती प्रशिक्षण देंगे। शिविर में लोहरदगा के अलावा गुमला, लातेहार, चतरा, सिमडेगा, रांची, झारखंड प्रांत के विभिन्न जिलों से प्रशिक्षणार्थी पहुंचकर शिविर का लाभ ले रहे हैं। शिविर 24 मई तक संचालित होगा।
शिविर
सात दिवसीय युवा चरित्र निर्माण शिविर शुरू, वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, आर्यवीर दल ने किया झंडात्तोलन
कार्यक्रम को संबोधित करते अतिथिगण।