जिला परिसदन केंद्र में सोमवार को जिला परिषद बोर्ड की बैठक हुई। इसमें कई मामलों पर जिप बोर्ड द्वारा ठोस निर्णय लिए गए। जिसमें सर्वप्रथम पुराने जिप भवन की स्थिति को देखते हुए 2 करोड़ 91 लाख 27 हजार 900 रुपए की लागत से नया जिला परिषद भवन बनाने की कार्य योजना पारित की गई। इसके डीपीआर का अनुमोदन भी किया गया।
नगर भवन के पीछे जर्जर अवस्था में पड़े डाक बंगला को तोड़ कर नए सिरे से 1 करोड़ 60 लाख की लागत से नए डाक बंगला निर्माण कार्य की स्वीकृति दी गई। इसके लिए भी डीपीआर का अनुमोदन किया गया। वहीं पुराने जिला परिषद भवन स्थित मीटिंग हॉल अभिलाषा कक्ष के ढ़ाई लाख की लागत से जीर्णोद्धार कराने की योजना सभी की सहमति से पारित की गई। यह जीर्णोद्धार कार्य को जल्द शुरू कराने की भी बात कही गई। वहीं बैठक में अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई। इसमें जिप उपाध्यक्ष जफर खान द्वारा कुडू प्रखंड के कई होटलों में बाल श्रमिक का मामला उठाया गया। इसपर श्रम अधीक्षक दीप्ति लॉरी तिर्की को संबंधित क्षेत्र के विभिन्न होटलों में बाल श्रम के खिलाफ छापामारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। वहीं कैरो प्रखंड के गडरपो में हाल में बने उप स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर होने के मामले में जांच के लिए जांच कमेटी का गठन किया गया। कैरो के ही बारीडीह गांव में उत्क्रमित हाई स्कूल में शिक्षकों की कमी से उत्पन्न हो रही परेशानी का मामला सामने आया। इसमें बताया गया कि स्कूल में 450 छात्र छात्राएं अध्ययनरत हैं। जहां परमानेंट शिक्षक मात्र एक व दो पारा शिक्षक के भरोसे स्कूल संचालित है। शिक्षकों की बढ़ोतरी करने का निर्देश डीएसई रेणुका तिग्गा को दिया गया।
इधर एकागुरी से उगरा तक किए गए पथ कालीकरण कार्य में आरईओ विभाग द्वारा गलत रिपोर्ट दिए जाने के मामले पर जांच करने को लेकर जांच कमेटी गठित की गई। वहीं किस्को प्रखंड के नारी नवाडीह गांव में संचालित स्वास्थ्य उपकेंद्र के नहीं खुलने की शिकायत सामने आई। इसपर जिप अध्यक्ष द्वारा केंद्र को प्रतिदिन 8 से 12 बजे तक खोलने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया गया।
बैठक में इसके अलावा भी कई मामलों पर ठोस निर्णय लिए गए। मौके पर मुख्य रूप से जिला परिषद अध्यक्ष सुनैना कुमारी, उपाध्यक्ष जफर खान, डीडीसी, जिप सदस्य रामलखन प्रसाद, विनोद सिंह खेरवार सहित संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।