आगामी 24 मई को देवनद दामोदर महोत्सव के अवसर पर झारखंड के महामहिम राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू सलगी आएंगी। इसकी तैयारी को लेकर डीसी विनोद कुमार, एसपी राजकुमार लकड़ा ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ सलगी पहुंच कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। राज्यपाल हवाई मार्ग से होकर सलगी गांव पहुंचेंगी। इसके लिए राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय की पूर्व दिशा में स्थित मैदान में हेलिपैड का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए समय से एक दिन पूर्व ही आवश्यक निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल को आदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल के आसपास साफ सफाई की सारी जिम्मेवारी स्थानीय मुखिया को दी गई। इस अवसर पर विभागीय स्टॉल भी लगाए जाएंगे। जहां विभागीय योजनाओं को प्रदर्शित कर प्रचार प्रसार किया जाएगा। सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया जाएगा। जगह जगह पर चेक पॉइंट होंगे। जहां जिले के सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। डीसी ने कहा कि कार्यक्रम की सारी तैयारियां जोर शोर से चल रही है। समय से पूर्व सड़कों को भी दुरूस्त कर दिया जाएगा। जिससे की आने वाले वाले लोगों को कोई कठिनाई न हो।
देवनद दामोदर का उद्गम स्थल चूल्हापानी सलगी गांव के अन्तर्गत है। दामोदर नदी के संरक्षण और जल बचाओ की थीम पर गत वर्ष भी यहां कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें मुख्यमंत्री रघुवर दास पहुंचे थे।