विद्यालय मर्ज किए जाने के खिलाफ उपायुक्त से मिलीं हिसरी की महिलाएं
किस्को प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय अपर हिसरी को उत्क्रमित मध्य विद्यालय हिसरी नवाटोली में मर्ज किए जाने के खिलाफ बुधवार को गांव की महिलाओं ने डीसी विनोद को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उक्त आदेश को वापस लेने की गुहार लगाई है। ज्ञापन में महिलाओं ने डीसी से कहा कि अपर हिसरी उत्क्रमित प्राथमिक स्कूल में आसपास के बच्चे पढ़ते हैं। इनमें 10 बच्चे दिव्यांग हैं। महिलाओं ने कहा कि स्कूल होने के बाद बच्चों को लगभग दो किमी पैदल चलना होगा। ऐसे में दिव्यांग बच्चे नियमित स्कूल नहीं जा सकेंगे। महिलाओं में सबाना बीबी, नसीदा खातून, रुक्मणि उराईन आदि का कहना है कि स्कूल मर्ज करने को लेकर सरकार का आदेश सराहनीय है, परंतु स्कूल मर्ज करने से पहले ग्रामीणों की राय सुमारी व बच्चों की सुविधाओं का भी ख्याल रखा जाना चाहिए। महिलाओं ने कहा कि यहां पढ़ने वाले अधिकतर बच्चे कम आयु के हैं, जो कि खुद से विद्यालय आने-जाने में सक्षम नहीं है। ऐसे में हमें अपने बच्चों को प्रतिदिन स्कूल पहुंचाना पड़ेगा। वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति सदिना खातून का कहना है कि हमें स्कूल मर्ज किए जाने से आपत्ति नहीं है, परंतु सरकार वैसे विद्यालय को मर्ज करें जहां शिक्षा की गुणवत्ता व बच्चों की उपस्थिति कम हैं। ज्ञापन में कौशल भगत, नुसरत खातून, नसीमा खातून सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
डीसी से मिलने पहुंचे हिसरी गांव के ग्रामीण व अभिभावकगण।