शिक्षकों को मिला हरियाणा गौरव शिक्षक सम्मान
बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार प्रदान करने और शिक्षा में नई तकनीक का प्रयोग करने पर लोहारू क्षेत्र के प्रवक्ता श्यामसुंदर सांगवान, प्रवक्ता सुरेश भारद्वाज और अध्यापिका चंद्रावती को जलियावाला बाग घटना के शहीदों को समर्पित एक कार्यक्रम में हरियाणा गौरव शिक्षक सम्मान मिला है।
यह सम्मान उन्हें स्वामी इंद्रवेश विद्यापीठ टिटोली (रोहतक) में प्रदेश के सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष स्वामी आर्यवेश और शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक दिलबाग सिंह अहलावत ने प्रदान किया।
युवा निर्माण अभियान से आयोजक हरपाल आर्य ने बताया कि इस प्रकार का कार्यक्रम पिछले वर्ष भी किया गया था जिसमें केवल प्रदेश भर के शिक्षकों को सम्मान दिया गया था और इस बार हरियाणा के साथ साथ राष्ट्रीय स्तर के 20 शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया है। अवार्ड के लिए 500 से अधिक शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन किया था जिनका चयन एक कमेटी की ओर से किया गया। प्रवक्ता श्याम सुंदर सांगवान, प्रवक्ता सुरेश भारद्वाज और मैडम चंद्रावती ने बताया कि अवार्ड व सम्मान हमारी जिम्मेदारी बढ़ाते हुए हमें नई ऊर्जा देते हैं। इससे हम अपने पेशे के प्रति ओर अधिक परिश्रम करेंगे। इस अवसर पर मास्टर पवन स्वामी, मास्टर राकेश कुमार, डॉ. उमेद जांगिड़, मनोज सिंघल, एडवोकेट सुनील शर्मा, महेंद्र कथूरिया, प्रेम सोनी, कुलदीप स्वामी, सीमा रहेजा, बबीता, अजय शर्मा आदि ने सम्मानित साथियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।