जाट आरक्षण संघर्ष समिति दो जून को करेगी आरपार की लड़ाई का ऐलान
जाट आरक्षण संघर्ष समिति की बैठक बुधवार को शहीद महाबीर किसान भवन लोहारू में हुई। बैठक में 2 जून को जसिया में किए जाने वाले जाट महासम्मेलन की तैयारियों पर विचार-विमर्श कर जिम्मेदारियां सौंपी गई। बैठक में सभी वक्ताओं ने जाट आरक्षण को लेकर सरकार की कथित वादाखिलाफी और लेट लतीफी की आलोचना करते हुए कहा कि 2 जून को जसिया में होने वाले जाट महासम्मेलन में जाट आरक्षण को लेकर निर्णयक संघर्ष का ऐलान कर दिया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता उमेदसिंह फरटिया ने की।
समिति के प्रदेश सचिव गंगाराम श्योराण ने बताया कि 10 मई को जसिया में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 2 जून को जसिया में जाट महासम्मेलन किया जाएगा।
उसी दिन दीन बंधु सर छोटूराम कौशल विकास संस्थान के हास्टल की नींव रखी जाएगी तथा जाट आरक्षण को लेकर निर्णायक संघर्ष का ऐलान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जाट आरक्षण को लेकर 19 मार्च 2017 को सरकार ने एक समझौते के तहत हमारी सभी मांगें माने जाने की घोषणा की थी तथा अगस्त में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी जाटों की मांगें पूरी किए जाने का आश्वासन दिया था। उन्होंने बताया कि इसी 11 फरवरी को सरकार ने 31 मार्च तक जाट आरक्षण की मांग पूरी किए जाने की बात कही थी। वक्तओं का कहना था कि सरकार समय-समय पर बदलती रहती हैं और इस बार 2 जून को निर्णयक आंदोलन का ऐलान करेंगे जोकि आरक्षण मिलने पर ही समाप्त होगा। इस अवसर पर बलबीर बजाड़, होशियार सिंह, मंगलसिंह, श्रीपालसिंह राठी, धर्मबीर, वीरभान, रामसिंह, धनपतराय, प्रहलाद, इन्द्रसिंह, प्रतापसिंह अादि मौजूद थे।