हलवाई को गैस लीक का बताया था, ध्यान नहीं देने से हुआ हादसा
भास्कर संवाददाता | मौलासर/सीकर
नागौर-सीकर सीमा पर स्थित सुदरासन गांव में शादी से एक दिन पहले प्रीतिभोज कार्यक्रम के दौरान सिलेंडर की पाइप लीक होने से अचानक आग लगने के मामले में सामने आया कि युवाओं ने हलवाई को सिलंेडर लीक की जानकारी दी थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया। कुछ ही सैकंड बाद आग लग गई। हालांकि युवकों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए तत्काल आग पर काबू पाने का पूरा प्रयास किया। लेकिन आग की लपटों में आने से वे झुलस गए। हादसे में 11 जनों को उपचार के लिए सीकर भेजा गया। लेकिन उनमें से 6 जनों को जयपुर के लिए रेफर किया गया। दो की हालत गंभीर है। सुदरासन निवासी रघुवीर सिंह के पुत्र ऐरावत की बुधवार को होने वाली शादी के उपलक्ष्य में प्रीतिभोज में हादसा हुआ था। हादसे के बाद जिसको जो वाहन मिला, उसी से ही घायलों को वाहनों में बिठाकर सीकर ले गए। जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए विनोद शर्मा हलवाई, नरेंद्र सुदरासन, लालाराम माली क्यामसर, रामनिवास सुदरासन, राजकुमार पुत्र रामनिवास लोसल, प्रभुराम पुत्र मोहनलाल लोसल को जयपुर रेफर किया गया। भोमसिंह, सुंदरलाल पुत्र ज्ञानाराम सुदरासन, पर्वतसिंह पुत्र देवीसिंह सुदरासन, बिहारी लाल व नंदूलाल निवासी उत्तराखंड आदि को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।