कनकनी कोलियरी के हनुमान बाजार स्टाॅफ कॉलोनी के क्वार्टरों को तोड़ने गए अधिकारियों को स्थानीय लोगों के कड़े विरोध के कारण लौटना पड़ा। इस दौरान लोगों ने पे-लोडर पर पत्थरबाजी भी की। बीसीसीएल प्रबंधन लोयाबाद रेलवे स्टेशन के पास रेलवे साइडिंग बनाने के लिए स्टाॅफ कॉलोनी के कुछ आवासों को तोड़ना चाहता है। सोमवार को पूर्वाह्न ग्यारह बजे कनकनी कोलियरी के पीओ जयंत जायसवाल के नेतृत्व में स्थानीय अधिकारी सीआईएसएफ व पुलिस के जवान के साथ पे-लोडर लेकर पहुंचे। लोगों को क्वार्टर तोड़े जाने की खबर पहले से हो जाने के कारण महिला, पुरुष व बच्चे एक जगह जुट गए थे। अधिकारियों के पहुंचते ही लोगों ने जमकर विरोध करना शुरू कर दिया और नारेबाजी करने लगे। थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंचे सिजुआ क्षेत्र के जीएम पी चंद्रा के साथ पार्षद नंदू दुलाल सेनगुप्ता के नेतृत्व में स्थानीय लोगों की वार्ता हुई। इसमें नौ क्वार्टरों को तोड़े जाने पर सहमति बनी। इसके बाद मामला शांत हो गया। वार्ता में निर्णय हुआ कि जिन नौ आवासों को तोड़ा जाएगा, उन आवासों में रह रहे लोगों को बगल में ही क्वार्टर उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस दौरान इलाका सीआईएसएफ व पुलिस की छावनी में तब्दील हो गया था। वार्ता में पीओ जयंत जयसवाल, प्रबंधक एमपी सिंह, कार्मिक पदाधिकारी चंदन श्रीवास्तव, वीके श्रीवास्तव, रामु प्रसाद, पार्षद नंद दुलाल सेनगुप्ता, लोयाबाद थाना के केपी यादव समेत मनोज सिंह, शंभूनाथ प्रसाद, दीपक सिंह आदि थे।