सरेआम चल रहा था हुक्का बार, मालिक और मैनेजर गिरफ्तार, 7 हुक्के बरामद
पुलिस कमिश्नर के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए सराभा नगर में सरेआम हुक्का बार चला रहे दो आरोपियों पर थाना डिवीजन नंबर पांच पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान किप्स मार्केट में स्थित चर्चा रेस्टोरेंट के मालिक कर्णदीप सिंह और मैनेजर बीआरएस नगर के रहने वाले धीरज सिंह रूप में हुई है। आरोपियों से 7 हुक्के और कई फ्लेवर बरामद हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया। थाना डिवीजन नंबर पांच के एसएचओ जतिंदर सिंह चोपड़ा के मुताबिक 19 मई को मल्हार रोड पर गश्त के दौरान सूचना मिली कि आरोपी कर्णदीप का किप्स मार्केट के पास चर्चा रेस्टोरेंट एंड बार हैं। वहां वह बेसमेंट में हुक्का बार चला रहा है। वहां सरेआम नाबालिग और युवाओं को हुक्का और फ्लेवर दिए जाते हैं, जबकि हुक्के से होने वाली गंभीर बीमारियों के कारण पुलिस कमिश्नर की ओर से इस पर पूर्ण तौर से पाबंदी लगाई गई है। इस पर तुरंत रेड कर आरोपियों को हुक्का पिलाते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया।