100 महा पंचायत बना गृहिणियों को दी जाएगी एलपीजी सेफ्टी की जानकारी
लुधियाना | पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस मंत्रालय की आेर से ग्राम स्वराज अभियान के तहत 20 अप्रैल को उज्जवल दिवस मनाया जाएगा। इसमें जिले के 100 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर अपने इलाकों में 100 महा पंचायत बना गृहिणियों को एलपीजी सेफ्टी को लेकर अवगत कराया जाएगा। ये जानकारी इंडियन ऑयल के असिस्टेंट मैनेजर कम डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हरदेव सिंह ने चीमा चौक स्थित भूपिंदर इंडेन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि उज्जवल स्कीम के तहत देश भर में 3.7 करोड़ और जिला लुधियाना में 19 हजार एलपीजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इसके तहत देशभर में 15 हजार और लुधियाना में 100 महा पंचायतों के जरिए कनेक्शन धारकों को एलपीजी का इस्तेमाल करते समय जरूरी सेफ्टी को लेकर जानकारी दी जाएगी और उन्हें दोबारा लकड़ी या उपलों पर निर्भर न होने को लेकर प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हर महा पंचायत को ड्यूटी सौंपी गई है कि वह उज्जवल दिवस पर कम से कम 500 गृहिणियों को एकत्र करके सेफ्टी संबंधी जानकारी दे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत केवाईसी भी इक्ट्ठा किए जाएंगे। इस अवसर पर मनजीत सिंह, एचएस भट्टी, हरविंदर सिंह, कुलदीप, सुनील शर्मा, मनप्रीत सिंह मौजूद थे।
चुनाव नजदीक देख केंद्र डाल रहा बोझ: गैस डीलर आपस में चर्चा कर रहे थे कि आम चुनाव नजदीक आ रहे हैं और केंद्र सरकार अपनी योजनाओं की ब्रांडिंग करवाने के लिए सभी पर मुफ्त का बोझ डाल रही है। इस दौरान यह बात सुनने को भी मिली कि कहीं उज्जवल दिवस पर सरकार नेशनल हॉलीडे न घोषित कर दे। इस पर तर्क सुनने को मिला कि अगर अगले साल सरकार रहेगी तो ही छुट्टी घोषित कर सकती है न।
ये हैं उज्जवल योजना के लाभपात्र: एससीएसटी हाउस होल्ड प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण) अंतोदया अन्न योजना(एएवाई) फॉरेस्ट ड्वेलर्स मोस्ट बैकवर्ड क्लासिस(एमबीसी) टी एंड एक्स-टी गार्डन ट्राइब्स आइसलैंड और रिवर आइसलैंड पर रहने वाले लोग।