पकड़े 2 तस्करों की निशानदेही पर सर्च, 10 किलो हेरोइन बरामद
ममदोट | बीएसएफ और एसटीएफ लुधियाना की टीम की ओर से चेक पोस्ट गट्टी हयात में चलाए गए सर्च अभियान में साढ़े 10 किलो हेरोइन बरामद की है। एसटीएफ लुधियाना की टीम ने हेरोइन तस्कर जरनैल सिंह वासी जैमल सिंह वाला और सुखविंदर सिंह वासी डल (तरनतारन) को काबू किया था। पूछताछ में इन युवकों ने बताया कि वो फिरोजपुर बॉर्डर से हेरोइन की तस्करी करते हैं व उनकी एक कन्साइनमेंट अभी भी सीमा पर लगी कंटीली तार के पार पड़ी हुई है।
टीम ने दोनों की निशानदेही पर पाकिस्तान की चेक पोस्ट बादशाह हुसैन शहीद के सामने भारतीय चेक पोस्ट गट्टी हयात के पिल्लर नंबर 199/10 के पास जमीन में दबा कर रखी हुई 7 पैकेट हेरोइन बरामद की जिसका वजन साढ़े 10 किलो पाया गया। पता चला है कि जिस जमीन से हेरोइन बरामद की गई है वो जमीन सुरजीत सिंह वासी झुग्गे किशोर सिंह वाले के एक किसान की है। काबू किए दोनों व्यक्तियों से टीम अब ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने ये हेरोइन भारतीय क्षेत्र में किस के पास डिलीवर करनी थी।