घरेलू विवाद में महिला ने लगाई नहर में छलांग, फोटोशूट करा रहे युवकों ने बचाया
लुधियाना/जगराओं| घरेलू कलह के चलते महिला ने अबोहर ब्रांच की अखाड़ा नहर में छलांग लगा दी। घटना मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। इस दौरान नहर किनारे प्री-वेडिंग शूट कर रहे लड़के-लड़कियों ने तुरंत महिला को बाहर निकाला। पास ही खड़े किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए महिला को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक गांव सिंधवा कलां की महिला राजविंदर कौर का पति सतपाल सिंह नहरी महकमे में बतौर पोस्टमैन तैनात है। उसकी ड्यूटी नहर किनारे बने सरकारी दफ्तरों में है, जहां पर मंगलवार को राजविंदर ने पहले उससे झगड़ा किया और बाद में अखाड़ा नहर में छलांग लगा दी। उसने बताया कि पहले घर में सास से झगड़ा हुआ, जिसे लेकर वो काफी परेशान थी। एसएचओ सिटी इंदरजीत सिंह का कहना है कि महिला अभी अनफिट है, उसके ठीक होने पर बयान दर्ज किए जाएंगे।