अल्पसंख्यक आयोग के वाइस चेयरमैन अहमद समेत 8 पर पर्चा
स्कूल में चल रहे समारोह के दौरान पंजाब वक्फ बोर्ड के चेयरमैन जनाब जुनैद खान और उसके गनमैन शिंगारा खान पर हमला और धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट करने के आरोप में थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच के बाद गनमैन शिंगारा खान के बयान पर वाइस चेयरमैन अल्पसंख्यक आयोग के वाइस चेयरमैन हाफीज तहसीन अहमद, मोहम्मद जामील, नईम अहमद, इफ्तियार, मेहरबान बरतना वादा, समूनदीन, इमरान सलमानी और उनके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में गनमैन ने बताया कि चेयरमैन को राहों रोड स्थित इस्लामिया स्कूल के सालाना समारोह के दौरान मुख्य मेहमान के तौर पर बुलाया गया था। आरोपी भी वहां मौजूद थे। स्पीच के दौरान चेयरमैन ने वक्फ बोर्ड की जमीन पर हुए इललीगल कब्जे को हटाने की बात कही तो आरोपी भड़क उठे और उनको ललकारते हुए कहा कि आज इन लोगों को नहीं छोड़ना, मार देंगे। इतना कहते ही आरोपियों ने धक्का-मुक्की कर मारपीट शुरू कर दी। जब वह बचाव करने गया तो लोगों ने उसके साथ भी हाथापाई की। उसका सरकारी हथियार छीनने की कोशिश की और वर्दी भी फाड़ दी। किसी तरह से बचाव करते हुए वह चेयरमैन को लेकर सरकारी गाड़ी तक गया तो हमलावरों ने पीछा कर सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। हमलावर बार-बार उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। सब-इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि मामले को लेकर जांच की जा रही है।