बायोपिक करने से पहले 3-4 महीने हॉकी की ली ट्रेनिंग
ragini.kaushal@dbcorp.in/लुधियाना| ‘बायोपिक करने से खुद को उस कैरेक्टर में ढालने के लिए काफी तैयारी करनी होती है। उस कैरेक्टर की तरह दिखने के लिए सबसे पहले लुक मैच करनी पड़ती है। इस फिल्म को करते समय मुझे भी ट्रांसफॉर्मेशन के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। 3-4 महीने हॉकी की ट्रेनिंग भी की। इससे कि मैं इस किरदार के साथ न्याय कर सकूं। कई हॉकी खिलाड़ी मेरे दोस्त हैं। इसलिए हॉकी को समझने और अपने दोस्त हरजीत सिंह तुली के किरदार को करने में मुझे उनसे काफी मदद मिली। शहर में अपनी आगामी फिल्म हरजीता को प्रमोट करने के लिए एक्टर और सिंगर एमी विर्क पहुंचे। एमी इस फिल्म में जूनियर वर्ल्ड हॉकी कप 2016 में अपनी शानदार परफॉर्मेंस के जरिए छाप छोड़ चुके हरजीत सिंह तुली का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बायोपिक में हरजीत के बचपन के स्ट्रगल, हॉकी खेलने के लिए उनके पास कोई साधन न होने के बावजूद वर्ल्ड कप में उनके शानदार प्रदर्शन को दिखा कर युवाओं को प्रेरित करने की कोशिश की जाएगी।
ट्विट पर देखी थी हरजीत की फोटो मैं खुद हुआ था इंस्पायर
एमी ने बताया कि उन्होंने वर्ल्ड हॉकी कप की विनर टीम की फोटो ट्विटर पर देखी थी। जिसे देख कर उन्हें बहुत इंस्पिरेशन मिली थी। उन्होंने कहा कि हॉकी पर फिल्म बनाना काफी आसान था। क्योंकि पंजाब से काफी खिलाड़ी हॉकी में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। हॉकी पर कुछ समय पर पहले बनी फिल्म खिद्दो खुंडी से इस फिल्म की समानता के सवाल पर एमी ने कहा कि वो फिल्म फिक्शन पर आधारित थी जबकि ये फिल्म बायोपिक है। उन्होंने कहा कि नवंबर 2016 में दंगल आने के समय से ही इस फिल्म की प्लानिंग चल रही थी। एमी ने बताया कि जल्द ही वो दो और बायोपिक्स में नजर आएंगे।
शहर पहुंचे एक्टर सिंगर एमी विर्क