ट्रैफिक मुलाजिम को धमकाने वाला काबू
बस्ती जोधेवाल में खुद को प्रेस रिपोर्टर बताकर ट्रैफिक मुलाजिम को धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए। थाना दरेसी पुलिस ने आरेापियों के खिलाफ इंस्पेक्टर रविंदर सिंह सिटी ट्रैफिक के बयान पर मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी दीपक वर्मा गुरु अर्जुन देव नगर का रहने वाला है। फरार आरेापियों ताजपुर रोड का जतिंदर कुमार और संजय गांधी कॉलोनी का साहिल अली शामिल हैं।
पुलिस शिकायत में रविंदर सिंह ने बताया कि उनकी पुलिस टीम बस्ती जोधेवाल चौक में चेकिंग कर रही थी तो तीनों आरोपी एक ही वाहन पर जा रहे थे तो उन्हें दस्तावेज चेक करवाने के लिए रोका गया। इस पर आरोपी दीपक वर्मा ने खुद का प्रेस रिपोर्टर बताकर पुलिस मुलाजिम पर रौब डालना शुरू कर दिया। जब उन्हें आईकार्ड दिखाने के लिए कहा गया ताे वह मौके पर कोई भी दस्तावेज न दिखा सका। उल्टा पुलिस मुलाजिम से उलझ गया। जब पुलिस ने कार्रवाई करने की बात कही तो दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। जबकि दीपक वर्मा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य आरेापियों की तलाश की जा रही है।