कारोबारी को पीटा, गन पॉइंट पर नकदी, दो मोबाइल लूटे
मिलरगंज स्थित मंजू सिनेमा के पास स्क्रैप कारोबारी की दुकान में घुसकर मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और कुर्सी पर बांध ही दिया। इसके बाद गन पॉइंट पर आठ हजार नकदी और दो मोबाइल फोन छीनकर लिए। इसके बाद बदमाश उसे धक्का मारकर फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। मामले की सूचना मिलने थाना डिवीजन नंबर दो के इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पीड़ित प्यार अली की शिकायत लेकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता का स्क्रैप का कारोबार है। वह बुधवार शाम करीब पांच बजे अपने दुकान पर बैठा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर तीन युवक आए। उन्होंने आते ही कारोबारी को पकड़ लिया। एक युवक ने उसे पकड़े रखा, जबकि दूसरे ने जेब में से नकदी, मोबाइल निकाल लिए और फरार हो गए। इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर झपटमारी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं।