हवालाती की पुलिस से धक्का-मुक्की, फिर खुद को चोटें मार पर्चा दर्ज कराने की कोशिश
पेशी पर लाए गए नशा तस्करी के आरोपी हवालाती ने पहले मुलाजिमों के साथ गाली-गलौच करते हुए धक्का-मुक्की की। फिर मुलाजिमों पर झूठा पर्चा दर्ज करवाने के लिए खुद को चोटें मारनी शुरू कर दीं, लेकिन पुलिस ने किसी तरह उसे रोका। थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने हेड कांस्टेबल हरविंदर सिंह की शिकायत पर खन्ना के बसंत नगर के बलजीत पुरी के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए जल्द प्रोडक्शन वॉरंट पर लाएगी।
जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना सिटी खन्ना पुलिस की ओर से नशा तस्करी करने के आरोप में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके चलते वह लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद था। उसे जेल से कोर्ट पेशी पर लेकर जाने के लिए खन्ना के सिविल लाइंस से शिकायतकर्ता हेड कांस्टेबल हरविंदर सिंह को अन्य मुलाजिमों के साथ गार्द लगाकर भेजा गया था। कोर्ट कॉम्प्लेक्स में पहुंचकर आरोपी मुलाजिमों के साथ गाली-गलौच करने लग गया। उसे रोका तो उसने धक्का-मुक्की करनी शुरू कर दी, लेकिन किसी तरह उसे रोका गया। मगर फिर आरोपी ने खुद का सिर दीवार में मारकर चोट पहुंचाने की कोशिश की, ताकि वह मुलाजिमों पर झूठी एफआईआर दर्ज करवा सके। गार्द ने आरोपी को हिरासत में लेकर पेश करके वापस जेल पहुंचाया।
पुरानी रंजिश के चलते घर पर किया हमला, पर्चा
लुधियाना| बस्ती जोधेवाल के इकबाल नगर में पुरानी रंजिश के चलते आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक घर के परिवार पर हमला कर दिया। हमलावरों ने घर की तोड़फोड़ की और घर के सदस्यों को जख्मी कर दिया। थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने इकबाल नगर के सुखविंदर सिंह की शिकायत पर उसी इलाके के हरविंदर सिंह, सुखजोत सिंह व सात अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया है। एएसआई सोमनाथ ने बताया कि शिकायतकर्ता की आरोपियों से रंजिश चली आ रही है। इसके चलते आरोपियों ने इकट्ठे होकर शिकायतकर्ता के घर पर हमला करके उसके परिवार से मारपीट की।