पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Ludhiana
  • प्रॉपर्टी डीलर ने घर पर किया कब्जा, पति का कत्ल कराया

प्रॉपर्टी डीलर ने घर पर किया कब्जा, पति का कत्ल कराया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
छावनी मोहल्ला की महिला आशा रानी ने इलाके के प्रॉपर्टी डीलर पर उसके मकान पर जबरदस्ती कब्जा करने और पति का कत्ल करवाने का आरोप लगाया। इस मामले को लेकर विधवा महिला ने श्री हिंदू तख्त के पंजाब प्रचारक रोहित साहनी के साथ मिल पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन गिल से इंसाफ की गुहार लगाई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पीड़िता को जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिया गया।

शिकायत में पीड़िता ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर ने उसे झांसा देकर बदमाशों की मदद से गांधी नगर के लवकुश नगर में मकान पर कब्जा कर लिया। बाद में साजिश रच उसके पति शाम लाल का मर्डर भी करवा दिया। इस बारे में उसने थाना सलेम टाबरी में शिकायत भी दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बल्कि प्रॉपर्टी डीलर, उसे और उसके बच्चों को भी जान से मारने की धमकियां देते रहे। विधवा ने बताया कि जब बदमाश उसके मकान पर कब्जा कर रहे थे तो उन्होंने उसके पति और प्रेग्नेंट बहू से मारपीट की। उसका पति गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मगर प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने परिवार को पति से मिलने नहीं दिया। वहां पर पुलिस मुलाजिम तैनात रहते थे, जोकि उन्हें अंदर नहीं जाने देते थे। इसी दौरान उसकी मौत हो गई और आरोपियों ने बिना पोस्टमार्टम के ही संस्कार करवा दिया। मामले को लेकर उसने कई बार पुलिस को शिकायत दी, लेकिन आरोपी पहुंच के कारण कार्रवाई नहीं होने देता था। उसने आरोप लगाया कि थाना सलेम टाबरी में तैनात दो एएसआई भी उसके साथ इसमें शामिल हैं। साहनी ने बताया कि डीजीपी पंजाब से मिलकर भी इंसाफ की गुहार लगाएंगे।

मामले की जांच के बाद जो भी आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। टीम को जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। बिना किसी दबाव के कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. सुखचैन सिंह गिल, पुलिस कमिश्नर

खबरें और भी हैं...