दोस्तों में नशा बांटने को लेकर झगड़ा होने पर किया था मर्डर
नशा बांटने को लेकर हुए झगड़े के दौरान ही दो दोस्तों ने मिलकर तीसरे साथी का मर्डर किया था। थाना दरेसी की पुलिस ने लंबी जांच प्रक्रिया के बाद मर्डर करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मरने वाले की पहचान कुलदीप कुमार के रूप में हुई थी। इंस्पेक्टर सुरिंदर चोपड़ा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल कॉलोनी का रहने वाला सन्नी गिल, लेबर कॉलोनी कोचर मार्केट का रवि कुमार उर्फ बोबी के रूप में की गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों के अन्य साथियों को लेकर भी तलाश की जा रही है। आरोपियों को मामले में इनवेस्टीगेशन करने के आधार पर ही रिमांड पर लिया गया है।
आरोपियों ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि पिछले साल 29 अक्टूबर को तीनों ने मिलकर नशा खरीदा था। नशा करने के बाद नशा बांटने को लेकर ही तीनों में झगड़ा हो गया। इस पर आपसी बहस के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों ने मिलकर ही कुलदीप से मारपीट की और उसकी बाद में मौत हो गई। इंस्पेक्टर सुरिंदर चोपड़ा ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को मौके से सीसीटीवी फुटेज बरामद हुई थी। इसे लेकर पुलिस ने गहनता से जांच की और कई अन्य सुराग मिले। सुरागों के आधार पर ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से आगे भी पूछताछ की जा रही है।