केंद्रीय जेल में कैदी से 12 ग्राम नशीला पाउडर बरामद
ताजपुर रोड स्थित सेंट्रल जेल में बंदियों से लगातार मोबाइल, सामान और नशीला पदार्थ बरामद हो रहा है। मगर इसके बावजूद जेल प्रशासन कड़े सुरक्षा प्रबंध होने का दावा करता है। ऐसे कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच तलाशी के दौरान कैदी से 12 ग्राम सफेद नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस ने सेंट्रल जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट हरमिंदर सिंह की शिकायत पर यूपी के कैदी शाबीर के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एएसआई नछत्तर पाल ने बताया कि आरोपी नशा तस्करी के आरोप में जेल में बंद है। वह ब्यास ब्लॉक के बैरक नंबर छह में बंद है। उसे कुछ समय पहले कोर्ट ने सजा सुनाई थी। जेल प्रशासन ने सभी बैरकों की चेकिंग की। इस दौरान आरोपी के पजामे की जेब से 12 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया गया। जबकि इससे पहले कई बंदियों से मोबाइल फोन और सिम भी बरामद हो चुके हैं। इसके बावजूद जेल प्रशासन इस पर रोक नहीं लगा पा रहा।