टमाटर का दाम Rs.2 प्रति किलो, किसान परेशान
खन्ना/लुधियाना| गेहूं और धान के फसली चक्कर से निकलकर टमाटर की खेती कर रहे किसानों को मुनाफ की बजाये भारी घाटा हो रहा है। इन दिनों मंडियों में 50 रुपए में टमाटर का क्रेट (25 किलो) बिक रहा है। आलू के बाद अब टमाटर ने भी किसानों के साथ-साथ आढ़तियों तथा सब्जी विक्रेताओं का बुरा हाल कर दिया है। खन्ना सब्जी मंडी में पटियाला से आ रहे टमाटर का रेट कम से कम 50 रुपए प्रति क्रेट (25 किलो) और ज्यादा से ज्यादा बढ़िया क्वालिटी 100 रुपए प्रति क्रेट मिल रहा है। इस हिसाब से टमाटर 2 से 4 रुपए प्रति किलो मिल रहे हैं। रिटेल में 7 से 10 रुपए प्रति किलो टमाटर मिल रहे हैं। आढ़तियों हरविंदर शंटू, सुधीर सोनू, हरमन शेरगिल व पवन ने कहा इतना टमाटर इतनी मंडियों में आ चुका है कि खुद आढ़ती भी हैरान हैं।