लूटपाट की वारदातें करने वाले सात आरोपी गिरफ्तार
लूटपाट की वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे सात आरोपियों को चौकी जगतपुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आरे वाली गली हैबोवाल के गौरव उर्फ गोरा, गांव चूहड़पुर के साजन पासवान उर्फ बिल्ला, केहर सिंह नगर के प्रीतम सैनी, फ्रेंड्स कॉलोनी के सागर, ज्ञान नगर के मनदीप उर्फ मंडी, सरपंच कॉलोनी चूहड़पुर रोड के विशाल और केहर सिंह नगर के साहिल के रूप में हुई है। आरोपियों से छीने हुए 10 मोबाइल, तीन बाइक, एक्टिवा, चांदी की चेन और तेजधार हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां नाबालिग होने के कारण साहिल को जुवेनाइल होम भेज दिया। बाकी छह आरोपियों का पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल आरोपियों ने लूटपाट की डेढ़ दर्जन वारदातों का खुलासा किया है। पूछताछ में और वारदातें सामने आने की उम्मीद है।
चौकी जगतपुरी इंचार्ज कपिल शर्मा के अनुसार आरोपियों ने बताया कि सभी आरोपी नशे के आदी हैं। नशे की पूर्ति के लिए ही वह राहगीरों को तेजधार हथियारों से डरा-धमका कर मोबाइल, नकदी लूटने की वारदातें करते हैं। उन पर पहले भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुके हैं।