लुधियाना| मैरिटोरियस सोसाइटी के अधीन चल रहे राज्य भर के 10 मैरिटोरियस स्कूलों में खाली पड़ी पोस्टें भरने के लिए सोसाइटी ने डेपुटेशन पर लेक्चरर और प्रिंसिपल के आवेदन मांगे हैं। तीन साल के डेपुटेशन के लिए अध्यापक या प्रिंसिपल मैरिटोरियस स्कूलों में काम कर सकेंगे। डेपुटेशन के दौरान टीचर्स को सैलरी भी वही मिलेगी, जो वो एजुकेशन डिपार्टमेंट में ले रहे हैं। लुधियाना में मैरिटोरियस स्कूल में 14 लेक्चरर की पोस्ट खाली है। 31 मई तक सोसाइटी की ओर से इच्छुक अध्यापकों से एप्लीकेशन मांगी हैं। इस बारे में www.ssapunjab.org पर सारी जानकारी अपलोड की गई है। इच्छुक अध्यापक ऑनलाइन ही अप्लाई कर सकते हैं। यूं तो लेक्चरर और प्रिंसिपल की पोस्ट डेपुटेशन पर भरी जाएगी। लेकिन अगर इन लेक्चरर की प्रमोशन इनके पैतृक विभाग में होती है तो ये उस पोजीशन पर जॉइन कर सकते हैं या नहीं ये फैसला सोसाइटी की ओर से लिया जाएगा। प्रिंसिपल को प्रमोशन मिलने पर पुराने विभाग में जाने की अनुमति होगी। यही नहीं,रमसा सोसाइटी के अधीन रखे गए अध्यापक सोसायटी में भी उसी समय तक काम कर सकेंगे जब तक कि उनका कॉन्ट्रेक्ट है। पैतृक विभाग में कॉन्ट्रेक्ट रिन्यू होने पर ही मैरिटोरियस स्कूल में भी काम कर सकेंगे अन्यथा नहीं।
टीचर बोले- ये कैसी शर्त, कॉन्ट्रेक्ट खत्म होने पर पैतृक डिपार्टमेंट लेगा फैसला : अध्यापकों ने कहा कि कॉन्ट्रेक्ट खत्म होने पर अध्यापक का कॉन्ट्रेक्ट रिन्यू होगा या नहीं ये फैसला पैतृक विभाग लेगा, लेकिन अगर उसी टीचर की प्रमोशन होती है तो वो पैतृक विभाग में जा सकेगा या नहीं ये फैसला मैरिटोरियस सोसाइटी लेगी। आखिर ये किस तरह की शर्त टीचर के सामने रखी जा रही है। या तो सोसाइटी की ओर से कॉन्ट्रेक्ट रिन्यू होने का अधिकार भी अपने पास रखा जाए या फिर उसे वापस जाने का अधिकार पैतृक विभाग को लेने दिया जाए। सोसाइटी की इस शर्त के चलते इच्छुक अध्यापक भी अप्लाई नहीं कर पाएंगे।
फिजिक्स की तीन, केमिस्ट्री की चार पोस्टें खाली
मैरिटोरियस स्कूल में फिजिक्स की तीन और केमिस्ट्री की चार पोस्टें खाली हैं। यानी मेडिकल और नॉन मेडिकल के दो अहम विषयों के ही अध्यापक स्कूल में नहीं हैं। बायोलॉजी और कंप्यूटर की दो पोस्टें खाली हैं। इंग्लिश, मैथ्स और कॉमर्स की 1-1 पोस्ट लुधियाना में खाली है। जबकि स्कूल में फिलहाल 215 के तकरीबन पढ़ाई कर रहे हैं।