मोबाइल छीन भागा था स्नेचर पीड़ित ने खुद दौड़कर पकड़ा
लुधियाना | ग्यासपुरा पावरकाम ऑफिस के पास ऑटो में जा रहे एक युवक का मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश झपटमारी करके मोबाइल फोन छीनकर ले गए। पीड़ित युवक ने पहले ऑटो से और फिर पैदल भाग बदमाशों का पीछा करके एक को पकड़ लिया। जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया। बाद में पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिय। उससे झपटमारी किया हुआ मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी से दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने ग्यासपुरा के गगन नगर के रहने वाले हरमनप्रीत सिंह की शिकायत पर नानकसर नगर के मनिंदर सिंह और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता हरमनप्रीत सिंह अपनी स्टडी पुरी करके विदेश जाने की तैयारी कर रहा है। उसी संबंध में वह किसी काम से जा रहा था। वह ग्यासपुरा गांव से ऑटो में सवार होकर चल पड़ा। रास्ते में अचानक उसी किसी की कॉल आई तो वह मोबाइल पर बात करने लगा। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक आए और उन्होंने झपटमारी करके हरमन के हाथ में पकड़ा मोबाइल छीन लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह अब तक एक दर्जन के करीब वारदातें कर चुके हंै।