16 साल के लड़के ने पहले सीखे स्टंट, फिर करने लगा स्नेचिंग
सोलह साल के लड़के ने तेज रफ्तार से बाइक चलाने और स्टंट करने की प्रैक्टिस की। इसके बाद चिट्टे का आदि होकर वह स्नेचिंग और चोरी की वारदातें करने लगा। वारदातों में उसका काम बाइक चलाना ही था। होमीसाइड स्टाफ पुलिस ने लड़के समेत तीन आरोपियों गिरफ्तार किया है, जबकि गैंग लीडर अभी पुलिस के हाथ नहीं लगा। पकड़े गये आरोपियों की पहचान टिड्डा मोहल्ला जस्सियां के रहने वाले गुरप्रीत सिंह उर्फ गारा, गली नंबर तीन मनोज कालोनी जस्सियां रोड के रहने वाले धरिंदर सिंह उर्फ सेठी, और खंजूर चौक सलेम टाबरी के रहने वाले सन्नी उर्फ बूंदी के रूप में हुई है। फरार आरोपी अशोक नगर सलेम टाबरी का रहने वाला आजाद सिंह उर्फ यादा है। आरोपियों से छीने हुए 11 मोबाइल, एलसीडी, दो सिलेंडर, 3 बैटरियां, एक इनवर्टर और एक कैमरा मिला है। पूछताछ में आरोपियों ने स्नेचिंग और चोरी की करीब तीन दर्जन वारदातें कबूल की हैं। पुलिस ने आरोपियों पर थाना सलेम टाबरी में मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया जहां से सन्नी उर्फ बूंदी को नाबालिग होने के कारण जुबेनाइल होम भेज कर बाकी दोनों को पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है, जिसमें और भी खुलासे होने की उम्मीद है। होमीसाइड स्टाफ के जांच अफसर एएसआई लखबीर सिंह के अनुसार 13 अप्रैल को उन्हें सूचना मिली कि आरोपी स्नेचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देने के आदि है। वह जस्सियां इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहे हैं। उनके लीडर आजाद सिंह की तलाश की जा रही है। वहीं पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सन्नी काफी तेज और खतरनाक तरीके से बाइक चलाता है। वह अलग-अलग इलाकों में स्नेचिंग और चोरी की वारदातें करते थे। स्नेचिंग की हर वारदात में सन्नी बाइक चलाता था। कुछ समय पहले समय बाइक स्लिप होने से सन्नी अपने एक साथी तोतला के साथ पकड़ा गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया जहां से करीब दो महीने पहले वह जमानत पर बाहर आया।
होमीसाइड स्टाफ पकड़े गए आरोपियों के साथ। फोटो : भास्कर
राहगीरों से मोबाइल और नकदी छीनने वाले दो गिरफ्तार, 9 मोबाइल बरामद
लुधियाना |फोकल प्वाइंट इलाके में राहगीरों से मोबाइल व नकदी छीनने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 9 मोबाइल फोन बरामद किए है। थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने गुरु अमरदास कॉलोनी के सरबजीत सिंह और सरपंच कॉलोनी के गोल्डी कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। एसीपी सुरिंदर मोहन ने बताया कि सीआईए स्टॉफ की टीम को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी राहगीरों से लूट व झपटमारी करके मोबाइल व नकदी छीन लेते है। सूचना के आधार पर रेड करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ के दौरान 9 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। एसीपी सुरिंदर मोहन ने बताया कि आरोपी रातभर इलाकों में घूमते रहते थे। सुनसान जगह पर अगर कोई राहगीर मिल जाता तो आरोपी उसके साथ धक्का मुक्की करके मोबाइल व नकदी छीनकर फरार हो जाते थे। वह नशा करने के आदी हंै और उसके लिए ही वारदातें करते थे। आरोपी अब तक दो दर्जन के करीब वारदातें कर चुके हैं। आरोपियों से चोरी के चार मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए हंै।