शहर में कई जगह लग रहा जाम, मुलाजिम चालान करने में व्यस्त
शहर की तीनों प्रमुख सड़कों की मरम्मत का काम चलने के कारण कई जगह अभी भी भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है। बुधवार को अरोड़ा पैलेस चौक, जवद्दी नहर पुल और आत्म पार्क से गिल चौक तक जाम लगा रहा। जिस कारण लोगों को करीब आधे घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। जगराओं पुल पर ट्रैफिक कंट्रोल करने को खड़े किए मुलाजिम चालान करने में व्यस्त रहे।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए लगाए 10 नए मुलाजिम, पीसीआर दस्ते भी करेंगे मदद
शहर के प्रमुख चौकों अौर सड़कों पर तीन से पांच मुलाजिम किए गए तैनात
क्राइम रिपोर्टर|लुधियाना
पुलिस कमिश्नर सुखचैन सिंह गिल ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए 10 नए पुलिस मुलाजिम तैनात किए हैं। जगराओं पुल, गिल चौक फ्लाईओवर की कंस्ट्रक्शन के चलते जाम लगने से लोगों को परेशानी आ रही है। साथ ही गिल चौक, अरोड़ा पैलेस, पक्खोवाल रोड, दुगरी रोड के साथ लगती सड़कों से भी ट्रैफिक डायवर्ट किया जा रहा है। इसके अलावा भीतरी हिस्सों के कई चौराहों में तीन से पांच मुलाजिम तैनात हैं। ये मुलाजिम डायवर्ट किए रूट और प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे हैं। इसमें दुगरी नहर पुल, प्रताप चौक, समराला चौक, आत्म पार्क चौक, जवद्दी नहर पुल, गिल चौक, चीमा चौक, अरोड़ा पैलेस, जगराओं पुल और गिल नहर पुल शामिल हैं। अफसरों ने सड़कों पर नाके लगा चालान काट रहे मुलाजिमों और पीसीआर मुलाजिमों को भी ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए कहा गया है। जाम लगने की सूचना मिलने पर एमरजेंसी में पीसीआर दस्ता मौके पर जाकर जाम खुलवाएगा। इसमें मोटरसाइकिल और टवेरा गाड़ियां भी इस्तेमाल की जा रही हैं। , एसीपी ट्रैफिक गुरदेव सिंह ने कहा कि 10 नए मुलाजिमों को गिल चौक और अन्य प्रमुख स्थानों पर तैनात कर ट्रैफिक कंट्रोल करने में मदद ली जा रही है। पीसीआर बाइक और टवेरा गाड़ियों के मुलाजिमों को भी कई स्थानों पर लगाया गया है। चारों ट्रैफिक जोन इंचार्जों को अपने एरिया में लगातार गश्त करने और जाम न लगने देने के आदेश दिए हैं।