मर्डर के मामले में वाॅन्टेड आरोपी काबू साथी का पत्थरों से पीट किया था कत्ल
आरोपियों के खिलाफ 2011 में मर्डर करने के आरोप में दर्ज हुआ था केस
क्राइम रिपोर्टर | लुधियाना
शिमलापुरी इलाके में अपने साथी को पत्थरों से पीट पीट कर कत्ल करने वाले एक आरोपी को पीओ विंग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वरिंदर सिंह उर्फ विक्की को पुलिस पिछले काफी समय से तलाश कर रही थी। जबकि उसके दूसरे साथी हरप्रीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों के खिलाफ साल 2011 में मर्डर करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। पीओ विंग के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नगर निगम में काम करने वाले बेलदार राम किशन के बयान पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस को दिए बयान में राम किशन ने बताया था कि वह सुबह जब पार्क में ड्यूटी देने के लिए गया तो वहां पर एक युवक की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। जिसके सिर व चेहरे पर चोटों के काफी निशान थे। उसके बाजू पर टैटू बना हुआ था और वीरा नाम लिखा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाश कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पता चला था कि उक्त आरोपियों ने ही साजिश के तहत वीरा का मर्डर किया था और पहचान न हो सके, इसके लिए उसके चेहरे पर पतथरों से वार किए थे। इंवेस्टीगेशन के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन बाद में जमानत पर छूटने के बाद आरोपी वरिंदर सिंह फरार हो गया था। आरोपी को वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसी टीम ने एक्साइज एक्ट के तहत दर्ज मामले में वाॅन्टेंड आरोपी राज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना लाडोवाल में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी जमानत पर छूटने के बाद बेल जंप कर गया था।