मदद के बहाने एटीएम कार्ड ले भागा, निकाले 25 हजार रुपए
लुधियाना | मदद करने के बहाने व्यक्ति का एटीएम छीन कर रुपए निकालने वाले नामालूम आरोपी पर थाना साहनेवाल पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह मामला ढंडारी कलां के रहने वाले अविनाश शर्मा की शिकायत पर दर्ज हुआ है। पुलिस को दी शिकायत में अविनाश ने बताया कि 10 मई सुबह करीब पौने आठ बजे वह ढंडारी कलां में स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर रुपए निकालने गया था। आरोपी वहां पहले से ही खड़ा था। उसने जैसे ही मशीन में कार्ड डाला तो आरोपी ने कहा कि आपने कार्ड गलत डाला है। मदद करने के बहाने आरोपी ने उसका कार्ड लेकर मशीन में डाला। उसने जैसे ही पासवर्ड भरा आरोपी ने उसका पासवर्ड देख लिया और उसे धक्का मार कर एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गया। बाद में आरोपी ने उसके कार्ड से 25 हजार कैश निकाल लिए।