एसएमडीयू ने पवन मुंजाल को दी डाक्टरेट की उपाधि
हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन, एमडी और सीईओ पवन मुंजाल को बुधवार कटरा में श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी (एसएमवीडीयू) के छठे दीक्षांत समारोह में डॉक्टर ऑफ साइंस की उपाधि से सम्मानित किया गया। मुंजाल को देश में किए गए बहुमूल्य योगदान और सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रति उनकी मजबूत प्रतिबद्धता के लिए उपाधि दी गई है। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बतौर सम्मानित अतिथि मौजूद थे। वहीं जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल, एसएमवीडीयू के चांसलर और एसएमवीडी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन एनएन वोहरा ने मुंजाल को डिग्री प्रदान की। इस मौके पर सीएम महबूबा मुफ्ती और एसएमवी डीयू के वीसी डॉ. संजीव जैन भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में पवन मुंजाल ने कहा कि हीरो मोटोकॉर्प टू-व्हीलर्स तीन दशकों से विकास को आगे बढ़ा रहा है और देश में सामाजिक-आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। हम भारत में विश्वस्तरीय मोबिलिटी समाधानों का विकास कर रहे हैं और उन्हें दुनिया भर के हमारे लाखों ग्राहकों तक पहुंचा रहे हैं। अब हम नए युग की तकनीक की दिशा में बड़ी छलांग लगाने को तैयार हैं जिससे देश के विनिर्माण क्षेत्र के विकास में और योगदान मिलेगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अपने शुभ चिंतकों, कर्मचारियों, साझीदारों और वेंडर्स का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि हीरो मोटोकॉर्प ने हाल ही में दुनिया में एकमात्र कंपनी बनने का गौरव हासिल किया है, जिसने एक वित्तीय वर्ष (वित्त वर्ष 2018) में 7.59 मिलियन यूनिट मोटरसाइकिलों और स्कूटरों की बिक्री करने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है।
पवन मुंजाल को सम्मानित करते जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा और अन्य।