स्मार्ट सिटी, अमरुत, पीएम आवास योजना का रिव्यू करेंगे सांसद बिट्टू
सांसद रवनीत सिंह बिट्टू वीरवार को स्मार्ट सिटी, अमरुत स्कीम और पीएम आवास योजना का रिव्यू करेंगे। इसके लिए निगम अफसरों की मीटिंग बुलाई गई है। बता दें कि स्मार्ट सिटी चुने दो साल से ज्यादा बीतने के बावजूद अभी तक कोई बड़ा प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो सका है। अभी तक सिर्फ शहर की एक लाख स्ट्रीट लाइटों को एलईडी में बदलने, सोलर पैनल और साइनेज लगाने के ही काम चल रहे हैं। अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सांसद रवनीत बिट्टू जोर दे रहे हैं कि अगर स्मार्ट सिटी में अच्छा काम हो तो इसे चुनावी क्रेडिट के तौर पर भुनाया जा सके।
वहीं, अमरुत स्कीम के तहत 25 आउटर वाॅर्डों में पानी की सप्लाई की जानी है। यहां 46 हजार कनेक्शन दिए जाने हैं। इसके लिए 350 किलोमीटर पाइपें बिछाई जा रही हैं। पानी की सप्लाई के लिए 28 ट्यूबवेल भी लगने हैं। यह काम भी अभी तक पूरी तरह सिरे नहीं चढ़ सका है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोगों से फार्म भरवा लिए गए थे, लेकिन उसके बाद आगे कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि अब आवेदकों की वेरिफिकेशन के लिए टीम पहुंच चुकी है। सियासी जरूरत ही सही, लेकिन अब सांसद रवनीत बिट्टू के साथ राज्य में कांग्रेस सरकार बनने के बाद उनके एमएलए शहर के विकास में दिलचस्पी लेने लगे हैं।