रिसेप्शनिस्ट से छेड़छाड़ करने पर होटल के मालिक पर पर्चा
रिसेप्शनिस्ट से अश्लील हरकतें करने व छेड़छाड़ करने के आरोप में थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस ने होटल कैलाश रिजेंसी के मालिक भूपिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए रेड की लेकिन आरोपी फरार हो गया।
पुलिस को दिए बयान में युवती ने बताया कि उसके गांव की एक महिला ने अपने जान पहचान वाले आदमी के पास नौकरी करने के लिए भेजा था। उस आदमी ने उसे भूपिंदर सिंह के पास भेज दिया। भूपिंदर ने 7 मई को उसे अपने होटल में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम पर रख लिया और उसे 8500 रुपए वेतन देने की बात कही। 13 मई को जब वह होटल में मौजूद थी तो मालिक उसके पास आया और मिठाई खरीदने के लिए अपने साथ ले गया। करीब 1 घंटे के बाद वह उसे होटल छोड़ कर चला गया। शाम को करीब 6 बजे जब वह वापस घर जाने लगी तो मालिक ने उसे कहा कि होटल के कुछ रजिस्टर तैयार करने हैं, इसलिए घर न जाकर होटल में ही रुक जाना। फिर वह रात करीब 8 बजे उसे डिनर करवाने के बहाने बाहर ले गया। डिनर के दौरान मालिक ने उसके साथ अश्लील बातें करनी शुरू कर दी तो उसने कई बार विरोध किया। लेकिन वह शराब-पीते हुए अश्लील बातें करता रहा। रास्ते में जब वह आ रहे थे तो उक्त आरोपी ने उससे शारीरिक छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। आखिर होटल पहुंच कर वह बाहर ही कार से उतर गई और होटल के कमरा नंबर 101 में जाकर उसने गुस्से में अपनी बाई बाजू की नसें काट लीं। ड्यूटी पर तैनात होटल मैनेजर ने पता चलते ही उसकी मां को सूचित किया और उसे अस्पताल पहुंचाया। एएसआई कुलदीप कौर ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
अश्लील हरकतें करने पर युवती ने खुद को कमरे मंे बंद कर काट ली थी नसें