दफ्तर में मौजूद तीन लेडीज समेत 4 लोगों ने छत पर जा बचाई जान
फिरोजगांधी मार्केट में मंगलवार देर रात एक कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर स्थित दफ्तर में आग लग गई। उस समय दफ्तर में 3 लेडीज समेत चार लोग मौजूद थे। जिनकी पहचान रामदत्त, रामबेटी, गिल बेबी और गुड्डी के रूप में हुई है। चारों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला तो वे छत पर चढ़ गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मुश्किल के बाद छत पर पहुंच चारों को सुरक्षित बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों को आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा। जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े आठ बजे अचानक दफ्तर में आग लग गई। चारों भाग पर छत पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। फायर ब्रिगेड के समय पर पहुंचने से उनकी जान बच सकी। देर रात तक आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका था। मौके पर पहुंची कोचर मार्केट पुलिस मामले की जांच कर रही थी।