नई पार्किंग पॉलिसी लागू करने के लिए सर्वे शुरू
निगम ने शहर में नई पार्किंग पॉलिसी लागू करने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। इसके लिए चारों जोन के तहबाजारी सुपरिंटेंडेंट्स से उनके एरिया में पार्किंग की जगह के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है। ये रिपोर्ट आने के बाद निगम इन पार्किंग्स को तीन कैटेगरी में बांटेगा। इसमें एक नो पार्किंग, दूसरी फ्री पार्किंग व तीसरी पेड पार्किंग होगी। पार्किंग की जगहों के बारे में सूचना मिलने के बाद उसे निगम की ड्राइंग ब्रांच को भेजा जाएगा। जहां पार्किंग का डिजाइन तैयार करने के साथ उसमें अलग-अलग किस्म की गाड़ियों यानि कार, बाइक आदि के हिसाब से केपिसिटी तय की जाएगी। शहर में सड़कों पर खड़ी होने वाली गाड़ियों से पार्किंग फीस वसूलने के लिए भी योजना तैयार की जा रही है। निगम स्ट्रीट पार्किंग को मंजूरी देने के बजाय कम्युनिटी पार्किंग पर भी विचार कर रहा है। निगम के सुपरिंटेंडेंट (हेडक्वार्टर) एचएस डल्ला ने कहा कि सभी जोन के तहबाजारी सुपरिंटेंडेंट को अपने इलाके में पार्किंग की जगहों का ब्योरा मांग लिया गया है।