रेलवे प्लेटफार्मों के कुकिंग स्टॉल्स पर गैस सिलेंडर बैन
आगजनी की घटनाओं से बचने की तैयारी, इलेक्ट्रिक चूल्हे काे छूट
सिटी रिपोर्टर | लुधियाना
गर्मियों के दौरान स्टेशन के प्लेटफार्मों पर आगजनी की घटनाएं न हों इसलिए फिरोजपुर डिवीजन ने रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों पर कुकिंग स्टॉल्स पर गैस सिलेंडर बैन कर दिए हैं। वेंडर गर्मियों के पूरे सीजन तक इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। इस समय में स्टाॅल्स पर या तो चाय मिलती है या फिर चना-कुलचा और भटूरे मिलते हैं, जिन्हें मौके पर ही गर्म करके वेंडर यात्रियों को देते हैं जो अब नहीं मिलेंगे।
डायरेक्टर अभिनव सिंगला ने बताया कि गर्मियों में आंधी-तूफान आने से आगजनी की घटनाओं का खतरा रहता है। इसलिए प्लेटफार्मों पर कुकिंग स्टॉल्स पर गैस सिलेंडर बंद करवा दिए हैं, जबकि यात्रियों के लिए ट्रेनों में मौजूद पेंट्री और स्टेशन पर बने हुए रिफ्रेशमेंट से ही गर्म खाना मिलेगा। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि अगर स्टॉल वेंडर इलेक्ट्रिक चूल्हे इस्तेमाल करना चाहें तो वो कर सकेंगे, लेकिन गैस सिलेंडर और कोयले-लकड़ी जलाने वाले चूल्हे नहीं चला सकते हैं।