नई दिल्ली-मोगा शताब्दी में गार्ड के नाश्ते में निकला कीड़ा, ट्विटर पर रेल मंत्री को कंप्लेंट
लुधियाना| नई दिल्ली-मोगा शताब्दी (12043) में परोसे नाश्ते के तौर पर सांबर-वड़ा में कीड़ा निकलने से हंगामा खड़ा हो गया। ट्रेनों में खाने की क्वालिटी को लेकर अकसर यात्री ही कंप्लेंट करते हैं, मगर पहली बार गार्ड बलराज खिच्ची के नाश्ते में सांबर-वड़ा में कीड़ा निकलने का मामला सामने आया है। हैरानीजनक है कि इतना सब होने के बावजूद लुधियाना स्टेशन डायरेक्टर और स्टेशन सुपरिंटेंडेंट ने कोई कार्रवाई नहीं की। उलटा यह बताया जा रहा है कि गार्ड ने शिकायत दर्ज नहीं कराई। इस पर गार्ड ने कहा कि अगर मेरे बताने पर कार्रवाई नहीं की जा रही तो यात्रियों से कैसा व्यवहार होगा। गार्ड ने ट्विटर पर रेलवे मंत्री, जीएम नार्दर्न रेलवे और डीअारएम फिरोजपुर से शिकायत की है।
जींद के पास परोसा था सांबर-वड़ा
गार्ड बलराज खिच्ची ने बताया कि नई दिल्ली से मोगा के लिए शताब्दी एक्सप्रेस जींद-रोहतक होते हुए लुधियाना आ रही थी। सुबह नौ बजे के बाद जींद के पास शताब्दी के ही आईआरसीटीसी की पेंट्री तरफ से उन्हें नाश्ते के तौर पर सांबर-वड़ा परोसा गया। जब उन्होंने सांबर खोला तो उसमें एक कीड़ा निकला। उन्होंने इस बारे में लुधियाना के स्टेशन डायरेक्टर को फोन किया और उन्होंने आगे एसएस से बात करने को कहा। फिर एसएस को फोन किया, कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिर में जब वे लुधियाना स्टेशन पर पहुंचे तो इसकी कंप्लेंट ट्विटर के जरिए रेलवे मंत्री, जीएम नार्दर्न रेलवे और डीआरएम फिरोजपुर को भेजी। उधर, बलराज ने यह भी बताया कि शाम तक उसे कैटरिंग के मैनेजर का फोन भी आता रहा और वह ट्विटर से शिकायत हटाने की बात उसे कहता रहा।