खन्नालुधियाना|स्वर्गीय गैंगस्टर रुपिंदर सिंह गांधी के गांव रसूलड़ा स्थित खेतों
खन्नालुधियाना|स्वर्गीय गैंगस्टर रुपिंदर सिंह गांधी के गांव रसूलड़ा स्थित खेतों में बने घर के पास रविवार की रात को फायरिंग की सूचना से खन्ना पुलिस में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सदर थाना एसएचओ विनोद कुमार भारी पुलिस फोर्स समेत मौके पर पहुंचे और बिना किसी देरी पुलिस की विभिन्न टीमों ने घर के आसपास करीब एक किलोमीटर का एरिया छान डाला। लेकिन पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा। देर रात तक पुलिस गांधी के घर ही मौजूद थी और आसपास पहरा दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रुपिंदर गांधी का भतीजा नोना गांधी और परिवार के अन्य सदस्य रोजाना की तरह रात को अपने अपने कमरों में सोने की तैयारी कर रहे थे। करीब 10 बजे घर के पास गोलियां चलने जैसी आवाज सुनाई दी तो परिवार के सदस्यों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर दिया। पुलिस को जब मैसेज रिसीव हुआ गांधी के घर के पास फायरिंग की सूचना है तो एसएचओ तुरंत पुलिस फोर्स समेत उनके घर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने पर परिवार के लोगों ने दरवाजे खोले। पुलिस ने सर्च अभियान चलाते हुए घर का चप्पा चप्पा छाना और साथ ही खेतों में भी देखा गया कि कहीं कोई व्यक्ति छिपकर तो नहीं बैठा है। तलाशी में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला था। उधर, फायरिंग की सूचना के बाद गांधी ग्रुप स्टूडेंट यूनियन के कई नेताओं समेत परिवार के कई करीबी भी उनके घर पहुंच गए थे। जिन्हें पुलिस ने भरोसा दिलाया कि वे परिवार की पूरी सुरक्षा करेंगे। किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं होने दी जाएगी। पुलिस के भरोसे उपरांत ये लोग वहां से लौटे। वहीं विनोद कुमार, एसएचओ सदर थाना खन्ना ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि फायरिंग हुई है, हम तुरंत मौके पर आ गए। फिलहाल कुछ सामने नहीं आया है। फायरिंग का कोई सुराग नहीं मिला। बिजली का ट्रांसफार्मर ब्लास्ट होने की भी आशंका थी, यह भी अभी क्लीयर नहीं हुआ है। इसे लेकर बिजली महकमे वाले भी बुलाए हैं। जांच जारी है। अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता।