कारोबारी का 71 हजार रुपए लेकर रसोइया फरार
माॅडल टाउन में कारोबारी का रसोइया अपने साथी ड्राइवर की नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गया। आरोपी को पकड़ने के लिए ड्राइवर ने उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सका। इस पर आरोपी के खिलाफ थाना माॅडल टाउन की पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए माॅडल टाउन के रहने वाले तान प्रसाद के बयान पर फिरोजाबाद के रहने वाले मनोज कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में तान प्रसाद ने बताया कि वह वूलन मिल्ज के मालिक की गाड़ी चलाता है। उक्त आरोपी पिछले 4 साल से उनके पड़ोस में काम करता था। आरोपी को 20 तारीख को ही कोठी में खाना बनाने के लिए रखा गया था। आरोपी उसके साथ क्वार्टर में रहता था। 14 अप्रैल की रात को उक्त आरोपी उसकी अलमारी से कुछ सामान निकाल रहा था। शक होने पर उसने विरोध किया तो वह उसे धक्का देकर फरार हो गया। बाद में चेकिंग करने पर पता चला कि उसकी 71 हजार रुपए की नकदी व अन्य सामान गायब है। सब इंस्पेक्टर जनक राज ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी को काम पर रखने से पहले उसकी वेरिफिकेशन भी नहीं करवाई गई थी।
चोरों ने अलग-अलग स्थानों से दो बाइक चुराईं
लुधियाना| अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी होने के आरोप में थाना कोतवाली की पुलिस ने दो मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने मोहल्ला नवीन नगर के रहने वाले अजय चावला के बयान पर अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में अजय चावला ने बताया कि उसने पिंक प्लाजा क बाहर मोटरसाइकिल पार्क किया था, जब वापस आया तो देखा कि वहां पर मोटरसाइकिल नहीं था। काफी तलाश के बाद पता चला कि किसी ने मोटरसाइकिल चोरी किया है। इसी थाने की पुलिस ने न्यू शिमलापुरी के रहने वाले सुखविंदर सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में सुखविंदर सिंह ने बताया कि उसने गोपाल रोड पर किसी दुकान के बाहर मोटरसाइकिल पार्क किया, लेकिन किसी ने चोरी कर लिया।
बस में लैपटाॅप और सामान चोरी
लुधियाना| बस में सफर के दौरान लैपटाॅप व अन्य सामान चोरी होने के आरोप में थाना फोकल पॉइंट की पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सतकरतार नगर के रहने वाले हरसिमरन सिंह के बयान पर कार्रवाई की है। पुलिस को दिए बयान में हरसिमरन ने बताया कि वह दिल्ली से पीआरटीसी की वोल्वो बस में सवार होकर वापस लुधियाना आया था। जब वह शेरपुर चौक के निकट उतरा तो देखा कि उसके बैग से लैपटाॅप व अन्य जरूरी दस्तावेज गायब हैं। काफी तलाश करने पर भी बस से सामान नहीं मिला। लैपटाॅप के साथ दस्तावेजों के अलावा जरूरी सामान भी था। हेड कांस्टेबल ओंकार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
आहट सुन युवक ने मचाया शोर, चोर सामान ले फरार
लुधियाना| शिमलापुरी के जनता नगर इलाके में रात को चोर घर का सामान लेकर फुर्र हो गया। हालांकि चोरी का पता चलने पर सो रहे युवक ने शोर भी मचाया मगर चोर सामान लेकर फरार हो गया। युवक ने चोर का पीछा भी किया, लेकिन चोर हाथ नहीं आ सका। कार्रवाई करते हुए थाना शिमलापुरी की पुलिस ने जनता नगर के रहने वाले नरेंदर सिंह के बयान पर अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में नरेंदर सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार समेत कमरे में सो रहा था तो अचानक ही उसे अलमारी खुलने की आहट सुनाई दी। शक होने पर उसने देखने के लिए कमरे की लाइट जगाई तो देखा कि कोई युवक उसकी अलमारी खोल कर खड़ा था। रोशनी होते ही जब वह युवक को पकड़ने लगा तो वह उसे धक्का देकर चला गया। चोर को पकड़ने के लिए उसने पीछा भी किया, लेकिन चोर हाथ नहीं आ सका। सामान जांचने के बाद पता चला कि घर में पड़ी 1200 रुपए की नकदी, मोबाइल, दस्तावेज व अन्य सामान गायब है।