शिवपुरी रोड पर गंदे नाले के पास पुलिस की नाकाबंदी को देख कर भाग रहे स्नेचरों का मोटरसाइकिल बंद हो गया। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 4 में स्नेचिंग करने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों से 5 मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों में गैग का सरगना शहीद भगत सिंह नगर दुगरी का जोगिंदर पाल उर्फ काला, ताजपुर रोड गुरु राम दास नगर का प्रीतम सिंह उर्फ टिंकू व गांव बुलारा का जतिंदर सिंह है। आरेापियों को कोर्ट में पेश करने के बाद 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इंस्पेक्टर सुरेंदर चोपड़ा ने बताया कि उनकी पुलिस टीम शिवपुरी रोड पर नाकाबंदी कर चेकिंग कर रही थी तो नूरवाला रोड की तरफ से बाइक पर सवार होकर आ रहे तीन युवक पुलिस पार्टी को देख कर पीछे मुड़ कर भाग निकले। अचानाक ही उनका बाइक बंद हो गया। शक होने पर आरोपियों से पूछताछ की तो आरोपियों ने बताया कि वह स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कश्मीर नगर की पुली, न्यू माधोपुरी पुली, हनुमान मदिंर घाटी चौक, हिमालय बेकरी के निकट से मोबाइल छीने हैं। जांच में पता चला है कि आरेापियों के खिलाफ अन्य पुलिस स्टेशनों में भी आपराधिक मामलें दर्ज हैं। आरोपियों पहले भी जेल जा चुके हैं। आरोपी नशा करने के आदी है और नशों की पूर्ति के लिए ही वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है उनसे और खुलासे की संभावना है।