लुधियाना| गिल चौक फ्लाईओवर का हिस्सा चूहों की वजह से गिरने के बाद अब निगम ने बाकी फ्लाईओवरों की भी जांच शुरू कर दी है। सोमवार को निगम एसई धर्म सिंह की अगुवाई में टीम ने बस स्टैंड, लक्कड़ पुल और गिल फ्लाईओवर की जांच की। इस दौरान निगम अफसरों को बस स्टैंड फ्लाईओवर के नीचे चूहों के किए खड्डे मिले। वहीं, लक्कड़ पुल के नीचे कूड़े वाली जगह पर खड्डा मिला। उन्होंने तुरंत इन खड्डों को भरने के आदेश दे दिए। वहीं, इन दोनों के नीचे से कूड़े का डंप हटाने की भी सिफारिश की गई ताकि उसकी वजह फ्लाईओवर के नीचे चूहे न हों और कूड़े की वजह से जगह खराब न हो। निगम कमिश्नर जसकिरन सिंह ने कहा कि कई फ्लाईओवरों के नीचे कूड़े के डंप गलत तरीके से बनाए गए हैं। इनकी पड़ताल कराई गई तथा आगे इनको यहां से कहीं दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा।