खुद को इलेक्ट्रीशियन बता दो नौसरबाज नौकर के सामने इन्वर्टर-सिलेंडर ले गए
खुद को इलेक्ट्रीशियन बता गैस एजेंसी की मालकिन के घर में घुसे दो नौसरबाज इन्वर्टर, बैटरी और गैस सिलेंडर ले गए। काफी समय तक जब दोनों वापस नहीं आए तो घर के नौकर ने मालकिन को इसकी सूचना दी। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। थाना डिवीजन नंबर चार पुलिस ने सिविल लाइंस की प्रभा सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अभी इलाके से सीसीटीवी फुटेज लेकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
एएसआई रघुबीर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता प्रभा सिंह गैस एजेंसी की मालकिन है। वह सुबह किसी काम से चली गईं। दोपहर करीब ढाई बजे एक्टिवा सवार दो क्लीनशेव युवक उनके वृंदावन रोड स्थित घर आए। उन्होंने डोर बैल बजाई तो नौकर के बाहर आने पर युवकों ने खुद को इलेक्ट्रीशियन बताया और कहा कि उसकी मालकिन ने उन्हें इन्वर्टर ठीक करने को बुलाया था। इसके बाद दोनों घर के अंदर जाकर इन्वर्टर ठीक करने लगे। कुछ समय बाद नौसरबाजों ने नौकर को समस्या के चलते इन्वर्टर साथ ले जाने की बात कही। थोड़ी देर बाद वह दोबारा आए और उसकी बैटरी भी ले गए। तीसरी बार नौसरबाज दोबारा घर आए और सिलेंडर मंगवाने की बात कह वह भी ले गए। थोड़ी देर बाद नौकर ने मालकिन को फोन किया तो पता चला कि उन्होंने किसी को भी इन्वर्टर ठीक करने नहीं भेजा। जांच अफसर के अनुसार इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों से युवकों की फुटेज लेने की कोशिश की जा रही है।