चंडीगढ़ की कंपनी बनाएगी गिल फ्लाईओवर, दो हफ्ते में होगा पूरा
गिल फ्लाईओवर बनाने का काम चंडीगढ़ की कंपनी को दे दिया गया है। शहर में ट्रैफिक के हालात देखकर सरकार से मंजूरी लेकर एमरजेंसी वर्क के तौर पर लेटेस्ट टेक्निक वाली चंडीगढ़ टेकफेब कंपनी यह काम करेगी। कंपनी के मुलाजिम गिल फ्लाईओवर पर पहुंच चुके हैं। बुधवार को उन्होंने पुल का बाकी हिस्सा न गिरे, इसलिए उसे सपोर्ट देकर खड़ा कर दिया है। अब सोमवार सुबह से इस पर काम शुरू हो जाएगा। कामकाज की निगरानी के लिए निगम से रिटायर हो चुके एक्सईएन एचएस खोसा की भी बतौर एक्सपर्ट मदद ली जा रही है, क्योंकि यह फ्लाईओवर उन्हीं के वक्त बना था।
कंपनी को फ्लाईओवर के हिस्से को रिपेयर करने के लिए दो हफ्ते का समय दिया गया है। इस लिहाज से जून के पहले हफ्ते में इसे ट्रैफिक के लिए खोलने की योजना है। वहीं, चंडीगढ़ की इस कंपनी को पेमेंट कौन करेगा, अभी इस पर फैसला नहीं हो सका है। हालांकि यह पेमेंट फ्लाईओवर बनवाने वाले निगम, बनाने वाले बिल्डर या फिर अब यहां एलिवेटेड रोड बना रहे एनएचएआई से दिलवाने की कोशिश है। लोगों की जरूरत को देखते हुए काम पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, पीएयू की जूलॉजी डिपार्टमेंट की टीम भी पहुंची। उन्होंने जांच की कि चूहों ने कहां-कहां पुल को नुकसान पहुंचाया।
परमिशन के चक्कर में अटकी एनएचएआई
पहले काम को एनएचएआई के जरिए कराया जा रहा था। मंगलवार शाम तक एनएचएआई तैयार थी, लेकिन बाद में उन्होंने एलिवेटेड रोड के स्कोप ऑफ वर्क में चेंज, हेडक्वार्टर से परमिशन, अलग बजट आदि की बातें कही तो उससे काम लेट हो जाना था। इसके बाद अफसरों ने पहलकदमी करते हुए काम शुरू करा दिया।
जांच टीम ने भरे मिट्टी के सैंपल, जीएनई करेगी जांच
जांच टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और वहां से मिट्टी के सैंपल भरे। इनकी जांच जीएनई कॉलेज से कराई जाएगी। सैंपलिंग के लिए टीम जीएनई के प्रोफेसर को भी साथ ले गई थी। टीम में पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एक्सईएन राकेश गर्ग, राहुल गगनेजा शामिल थे। टीम ने वहां पर फ्लाईओवर के टूटे हिस्से का ब्योरा भी दर्ज किया। डीसी की बनाई जांच टीम की चेयरमैन एडीसी शेना अग्रवाल ने कहा कि तीनों टेक्निकल एक्सपर्ट को फ्लाईओवर की विजिट कर हालात और सैंपलिंग करने के लिए दो दिन का टाइम दिया गया है। इसके बाद फिर से इस पर पूरी टीम बैठकर चर्चा करेगी। बता दें कि डीसी ने टीम को जांच कर रिपोर्ट देने के लिए 15 दिन का टाइम दिया है।